इराक़ के तिकरीत नगर के निकट आईएसआईएल के ठिकानों पर इराक़ की सेना के आक्रमण में 50 आतंकवादी मारे गए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के युद्धक विमानों ने इस देश की गुप्तचर सेवा के साथ सहयोग करते हुए तिकरीत के निकट आईएसआईएल के एक गोपनीय ठिकाने को ध्वस्त कर दिया। बुधवार की सुबह किये जाने वाले इस आक्रमण में 50 आतंकवादी मारे गए जबकि आतंकवादियों के कुछ वाहन भी नष्ट हो गए।
दूसरी ओर इराक़ के स्वयंसेवी बलों के कमाण्डर ने बताया है कि अलअंबार प्रांत में आईएसआईएल के स्नाइपर्स का कमाण्डर मारा गया। स्वयंसेवियों ने उसको उसके तीन साथियों के साथ ढेर कर दिया। उन लोगों के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ और शस्त्र बरामद हुए। अलअंबार का अलकरमा नामक यह क्षेत्र अब आतंकवाद मुक्त हो गया है।
इसी बीच आईएसआईएल के आतंकवादियों ने एक बस को विस्फोटक पदार्थों से विस्फोटित कर दिया। बुधवार को दोपहर में होने वाले इस विस्फोट में एक इराक़ी मारा गया और कुछ अन्य घायल हो गए। यह घटना बग़दाद के लतीफ़िया क्षेत्र में घटी। उधर इराक़ के गृह मंत्रालय ने पूर्वोत्तरी बग़दाद के अश्शअब क्षेत्र में विस्फोट के परिणाम स्वरूप एक व्यक्ति के मारे जाने और कुछ के घायल होने की सूचना दी है।